IMG-LOGO

सड़कों से हटेंगे बेसहारा मवेशी, निगम ने 18 मवेशियों को अर्जुनी गौठान भेजा

Posted on: 2026-07-24
IMG
सड़कों से हटेंगे बेसहारा मवेशी, निगम ने 18 मवेशियों को अर्जुनी गौठान भेजा

धमतरी, 24 जुलाई। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के उद्देश्य से नगर पालिका निगम धमतरी ने बेसहारा मवेशियों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त अरुण कुमार वर्मा के निर्देश पर निगम की टीम ने अंबेडकर चौक से कलेक्ट्रेट मोड़ तक सघन कार्रवाई करते हुए 18 आवारा मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित रूप से अर्जुनी गौठान भेजा।

नगर निगम का कहना है कि मुख्य मार्गों पर खुले घूमने वाले मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित होता है और राहगीरों व वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमित धरपकड़ अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए अभियान लगातार जारी रखा जाए।

नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने मवेशी मालिकों से कहा कि मवेशी मालिक अपने मवेशियों को सड़कों पर खुला न छोड़ें, बल्कि उन्हें घर अथवा निर्धारित स्थान पर सुरक्षित रखें। खुले में मवेशी छोड़ने वाले पशुपालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी नागरिकों और पशुपालकों से शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और जनसुरक्षा बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।

Tags: