IMG-LOGO

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, सौंपे दायित्व

Posted on: 2026-07-27
IMG
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, सौंपे दायित्व

कांकेर। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस का समारोहपूर्वक आयोजन आगामी 15 अगस्त को किया जाएगा। इसके आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बैठक लेकर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय पर्व के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को परस्पर सामंजस्य और समन्वय के साथ सौंपे गए उत्तरदायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया।

बैठक में बताया गया कि इसके लिए अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में 15 अगस्त को प्रातः 7.30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसी तरह जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में किया जाएगा, जहां पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी।

समय-सीमा बैठक के पश्चात आयोजित मीटिंग में कलेक्टर ने बताया कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु सम्पूर्ण कानून व्यवस्था के लिए अपर कलेक्टर तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त गया है। इसी प्रकार समारोह स्थल में मुख्य मंच का निर्माण, अतिथियों की बैठक एवं बैरिकेटिंग व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग, सलामी मंच एवं आकर्षक पौधे इत्यादि की व्यवस्था उद्यानिकी विभाग, विद्युत एवं जनरेटर व माइक सेट की व्यवस्था विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग, मार्च पास्ट एवं परेड का संचालन रक्षित निरीक्षक द्वारा किया जाएगा।

Tags: