IMG-LOGO

आईएसएल 2026-27 की शुरुआत 10 अक्टूबर से, आठ महीने तक चलेगा टूर्नामेंट

Posted on: 2026-09-05
IMG
आईएसएल 2026-27 की शुरुआत 10 अक्टूबर से, आठ महीने तक चलेगा टूर्नामेंट

नई दिल्ली, 05 सितंबर   इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के नए सत्र की शुरुआत 10 अक्टूबर से होगी जो मई 2027 तक चलेगा। शनिवार को लीग के नए सत्र के शुरुआत की तारीख घोषित की गई।

नए सत्र में आईएसएल अपने पारंपरिक होम और अवे मैदान वाले प्रारूप में लौटेगा। लीग चरण में शीर्ष पर रहने वाली टीम को शील्ड विजेता घोषित किया जाएगा। यही टीम आईएसएल की आधिकारिक चैंपियन होगी और उसे एशियाई प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा प्लेऑफ प्रारूप की भी वापसी होगी। लीग तालिका में शीर्ष छह स्थान हासिल करने वाली टीमें आईएसएल कप के लिए मुकाबला करेंगी। आठ महीने तक चलने वाले सत्र में कुल 163 मुकाबले खेले जाएंगे।

कुल 13 टीमें राउंड-रॉबिन, होम और अवे वाले प्रारूप में हिस्सा लेंगी। हालांकि, चर्चिल ब्रदर्स की भागीदारी नियामकीय मंजूरी पर निर्भर है।

सत्र में हिस्सा लेने वाली टीमों में बेंगलुरु एफसी, चेन्नईयिन एफसी, चर्चिल ब्रदर्स एफसी, ईस्ट बंगाल एफसी, एफसी गोवा, इंटर काशी एफसी, केरल ब्लास्टर्स एफसी, मोहन बागान सुपर जायंट, मुंबई सिटी एफसी, नॉर्थ-ईस्ट यूनाइटेड एफसी, ओडिशा एफसी, पंजाब एफसी और स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली शामिल हैं।

2025-26 इंडियन फुटबॉल लीग का खिताब जीतकर आईएसएल में पदोन्नति हासिल करने वाले डायमंड हार्बर एफसी ने 2026-27 सत्र के लिए प्रशासनिक शुल्क की अनिवार्य शर्त पूरी नहीं की। इसके चलते क्लब ने पदोन्नत टीम के रूप में मिले स्थान को स्वीकार नहीं किया।

लीग की पदोन्नति और निर्वासन व्यवस्था के तहत डायमंड हार्बर इस सत्र में अंक हासिल करने के लिए पात्र नहीं होगा और उसे तालिका में सबसे नीचे रखा जाएगा। क्लब 2027-28 सत्र के लिए अपना आईएसएल दर्जा भी बरकरार नहीं रख पाएगा और उस सत्र में इंडियन फुटबॉल लीग में खेलेगा।

Tags: