प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी आज दोपहर नई दिल्ली में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ
द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच आपसी हित के कई मुद्दों पर चर्चा
होने की उम्मीद है। रूस-यूक्रेन संघर्ष,
पश्चिम
एशिया की स्थिति, व्यापार संबंध और ऊर्जा सहयोग जैसे
विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर
सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज तड़के राजधानी पहुंचे, जो कल से शुरू हो रहा है।
प्रधानमंत्री
मोदी आज शाम ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन से बातचीत करेंगे। राष्ट्रपति
पेज़ेश्कियन के आज दोपहर नई दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। पश्चिम एशिया में
मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह बैठक महत्वपूर्ण है। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय
घटनाक्रमों पर चर्चा होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय राजधानी में
अपने कार्यक्रमों के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी
मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री
मोदी ने आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि आने वाले कुछ दिनों में विश्व भर
के नेता ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए एकत्रित होंगे। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त
किया कि शिखर सम्मेलन में विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य विश्व कल्याण होगा।