IMG-LOGO

देर रात ट्वीट, गाली-गलौज वाली भाषा...क्यों चर्चा में 80 साल के ट्रंप का मानसिक बदलाव

Posted on: 2026-11-03
IMG
देर रात ट्वीट, गाली-गलौज वाली भाषा...क्यों चर्चा में 80 साल के ट्रंप का मानसिक बदलाव

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। 80 साल की उम्र में उनके बोलने के अंदाज, देर रात तक सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और सार्वजनिक मंचों पर इस्तेमाल की जाने वाली भाषा में आए बदलाव ने नई बहस छेड़ दी है। हाल ही में अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में ट्रंप के पिछले करीब दस वर्षों के भाषणों, इंटरव्यू, सोशल मीडिया पोस्ट और सार्वजनिक गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। इस विश्लेषण में सामने आया कि ट्रंप की भाषा पहले की तुलना में अधिक आक्रामक, तीखी और कई बार असंगत होती जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप अब हर 10 हजार शब्दों में लगभग 15 बार अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जबकि दस साल पहले यह संख्या करीब 6 थी। यानी उनकी भाषा में गाली-गलौज का इस्तेमाल ढाई गुना तक बढ़ गया है। इतना ही नहीं, हमेशा, कभी नहीं और पूरी तरह जैसे निर्णायक शब्दों का इस्तेमाल भी पहले के मुकाबले करीब 19 प्रतिशत बढ़ा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह की भाषा कई बार उम्र बढ़ने और सोचने-समझने की क्षमता में होने वाले बदलावों से जुड़ी हो सकती है, हालांकि केवल शब्दों और भाषणों के आधार पर किसी व्यक्ति की मानसिक स्थिति का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।

रिपोर्ट में ट्रंप के देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की आदत को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, उनके दूसरे कार्यकाल में लगभग हर दस में से तीन दिनों पर आधी रात से सुबह पांच बजे के बीच सोशल मीडिया पोस्ट किए गए। कई बार उन्होंने एक घंटे के भीतर दस से ज्यादा पोस्ट भी किए। इसके अलावा उनके भाषणों की अवधि भी बढ़ी है। जहां दस साल पहले उनके भाषण औसतन 42 मिनट के होते थे, वहीं अब यह अवधि बढ़कर करीब 85 मिनट हो गई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि उनके भाषणों में मुख्य विषय से भटकने और ऐसी बातें कहने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिन्हें समझना कई बार मुश्किल हो जाता है। 2016 के चुनावी भाषणों की तुलना में ऐसे प्रसंगों की संख्या दूसरे कार्यकाल में लगभग ढाई गुना बताई गई है। वहीं, हाल के कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों में पत्रकारों के सवालों पर ट्रंप की तीखी प्रतिक्रियाओं ने भी विवाद पैदा किया है। सवाल पूछने वाले पत्रकारों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना और विरोधियों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है।

हालांकि, ट्रंप की इस भाषा और व्यवहार को लेकर सभी की राय एक जैसी नहीं है। उनके समर्थकों का मानना है कि वह बिना किसी लाग-लपेट के अपनी बात रखते हैं और उनकी बेबाक शैली ही उनकी राजनीतिक पहचान है। व्हाइट हाउस ने भी उनकी कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता पर उठ रहे सवालों को खारिज किया है। वहीं, आलोचकों का कहना है कि राष्ट्रपति जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति के लिए सार्वजनिक भाषा, व्यवहार और निर्णय लेने की क्षमता बेहद अहम होती है। ऐसे में उम्र के साथ उनके संवाद के तरीके में आ रहे बदलावों पर चर्चा होना स्वाभाविक है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि न्यूयॉर्क टाइम्स का यह विश्लेषण भाषणों और शब्दों के अध्ययन पर आधारित है, कोई चिकित्सकीय जांच नहीं। इसलिए इससे ट्रंप को किसी मानसिक बीमारी या याददाश्त संबंधी समस्या से पीड़ित घोषित नहीं किया जा सकता। लेकिन देर रात की पोस्टिंग, बढ़ती आक्रामक भाषा, लंबे भाषण और बार-बार विषय से भटकने जैसे पहलुओं ने अमेरिका में एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि क्या ट्रंप की उम्र और बदलती संवाद शैली उनके राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियों को प्रभावित कर रही है

Tags: