IMG-LOGO

रायगढ़ के पुसौर–गढ़ उमरिया मार्ग पर बीती रात चाकूबाजी एवं लूट की घटना, तीन युवक घायल

Posted on: 2026-05-25
IMG
रायगढ़ के पुसौर–गढ़ उमरिया मार्ग पर बीती रात चाकूबाजी एवं लूट की घटना, तीन युवक घायल

रायगढ़, 25 मई । जिला के पुसौर–गढ़ उमरिया मार्ग पर रविवार रात चाकूबाजी और लूट की गंभीर घटना सामने आई है। पुसौर निवासी किसलय गुप्ता अपने साथी अवधूत सरल के साथ अपने जीजा रोहित कुमार प्रधान निवासी सराईपाली तमनार को बाइक से रायगढ़ छोड़ने जा रहे थे। इसी बीच मोटरसाइकिल सवार तीन युवकाें ने उनसे मारपीट कर माेबाइल लूटकर फरार हाे गए। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुसौर निवासी किसलय गुप्ता रविवार की रात अपने साथी अवधूत सरल के साथ अपने जीजा रोहित कुमार प्रधान निवासी सराईपाली तमनार को बाइक से रायगढ़ छोड़ने जा रहे थे। रात करीब 9 बजे गढ़ उमरिया आनंदडीपा के पास वे लघुशंका के लिए रुके, तभी तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और धमकाते हुए मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने किसलय गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में किसलय के सिर पर गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे रोहित कुमार प्रधान एवं अवधूत सरल पर भी आरोपितों ने चाकू से वार कर घायल कर दिया। घटना के दौरान आराेपित किसलय का मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।

इसी बीच किसी तरह तीनाें पुसौर वापस आ गए तथा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, पुसौर अस्पताल में प्रारंभिक चिकित्सा कराई गई। देर रात पुसौर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहित सतपथी तथा रितेश थवाईत भी पहुंचे चूंकि पुसौर थाने में एफ आई आर लिखने में आनाकानी की जा रही थी ऐसे में जन प्रतिनिधियों के दबाव के बाद एफ आई आर लिखी गई तथा घटना स्थल जूटमिल थाना क्षेत्र होने के कारण फाइल जूटमिल थाना भेजी गई। इस घटना के बाद से पुसौर गढ़ उमरिया मार्ग पर अब यात्रा करना लोग डर रहे हैं।

थाना प्रभारी अभिनव कांत ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एफ आई आर दर्ज कर लो गई है शीघ्र ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी । ग्रामीणों को पुलिस अधीक्षक से उम्मीद है कि लूट और चाकूबाजी की इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर लेंगे तथा लोग स्वछंद रूप से आवाजाही कर सकेंगे ।

Tags: