IMG-LOGO

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, कुछ ग्रामीण घायल

Posted on: 2026-06-09
IMG
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, कुछ ग्रामीण घायल


नारायणपुर, 9 जून । छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के भरंडा थाना क्षेत्र अंर्तगत भरंडा गांव में सोमवार रात को धर्मांतरण के आरोपों को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि, \'प्रेस\' लिखी गाड़ी में पहुंचे कुछ लोग आदिवासी समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने की बात कह रहे थे। इस बात को लेकर विरोध शुरू हुआ और दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में कुछ ग्रामीण घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है, गांव में तनाव का माहौल है।

भरंडा पुलिस का कहना है कि, पूरे मामले की जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम \'प्रेस\' लिखी एक गाड़ी में सवार पास्टर समेत 2-3 लोग भरंडा गांव पहुंचे। आरोप है कि गांव के एक घर में धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और विरोध करने लगे। इस दौरान धर्मांतरित समुदाय के कुछ लोगों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते कहासुनी से बढ़कर मारपीट में बदल गया। इस घटना में महिला सहित 2-3 लोग घायल हो गए। वहीं बवाल की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंची। किसी तरह स्थिति पर काबू पाया गया और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का कहना था कि, पास्टर और कुछ लोग प्रेस लिखी गाड़ी से पहुंचे थे। जिससे पत्रकारिता की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने पास्टर समेत बाकी लोगों को थाने ले जाने के दौरान विरोध जताया और इन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव और आस-पास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत बनाए रखने का प्रयास कर रही है।

Tags: