IMG-LOGO

भारत-इंडोनेशिया रणनीतिक साझेदारी को नई गति देंगे पीएम मोदी और प्रबोवो

Posted on: 2026-07-07
IMG
भारत-इंडोनेशिया रणनीतिक साझेदारी को नई गति देंगे पीएम मोदी और प्रबोवो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता रक्षा, समुद्री सहयोग सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी (कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप) को नई गति देने पर चर्चा करेंगे। वर्ष 2018 में दोनों देशों के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिए जाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह इंडोनेशिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। यह यात्रा राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में भारत यात्रा के बाद हो रही है।

जकार्ता पहुंचने पर गर्मजोशी से हुआ स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को जकार्ता पहुंचे, जहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने स्वयं हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने इस विशेष स्वागत के लिए आभार जताते हुए कहा कि राष्ट्रपति के इस आत्मीय भाव से वह अभिभूत हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वर्ष 2018 में भारत और इंडोनेशिया ने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था, जिससे दोनों देशों के लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान दोनों नेता विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए चर्चा करेंगे।

प्रंबानन मंदिर और भारतीय समुदाय से करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि वह राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ योग्याकार्ता स्थित प्रंबानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे। साथ ही उन्होंने इंडोनेशिया में रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात को लेकर भी उत्साह जताया।

विदेश मंत्रालय ने बताया विशेष कूटनीतिक सम्मान

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रधानमंत्री के स्वागत को विशेष कूटनीतिक सम्मान बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकीय यात्रा पर जकार्ता पहुंचे, जहां राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने स्वयं हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके अलावा चार इंडोनेशियाई मंत्री भी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली द्विपक्षीय इंडोनेशिया यात्रा है।

द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर रहेगा जोर

इंडोनेशिया रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच बहुआयामी साझेदारी को और गहरा करने का अवसर प्रदान करेगी, जिसकी नींव मजबूत सभ्यतागत और जन-से-जन संबंधों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर वह 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया की यात्रा पर हैं। वर्ष 2018 में उनकी पहली इंडोनेशिया यात्रा के दौरान दोनों देशों ने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों को मजबूत करने के साथ-साथ साझा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और सुदृढ़ करने पर केंद्रित होगी।

Tags: