IMG-LOGO

कोंडागांव : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय हेतु एग्रीस्टैक पंजीयन अनिवार्य

Posted on: 2026-07-17
IMG
कोंडागांव : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय हेतु एग्रीस्टैक पंजीयन अनिवार्य

कोंडागांव, 17 जुलाई 2026

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान विक्रय एवं शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों से समय पर एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की गई है। पंजीयन के लिए किसानों को आधार से लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड तथा आवश्यक भूमि संबंधी दस्तावेजों के साथ अपने निकटस्थ प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति अथवा पंजीयन केंद्र में संपर्क करना होगा। जिन किसानों का पंजीयन पहले से है, वे भी अपने रकबे, फसल एवं अन्य विवरण का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन समय पर अवश्य करा लें।

विभाग द्वारा किसानों को बताया गया है कि नवीन किसान, बंटाईदार, वनाधिकार पट्टाधारी तथा अन्य पात्र कृषक भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के दौरान बैंक खाता, आधार एवं अन्य आवश्यक जानकारियां सही एवं अद्यतन होना आवश्यक है। धान विक्रय के समय आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य रहेगा। वहीं, किसान एग्रीस्टैक से जुड़कर डिजिटल कृषि सेवाओं एवं भविष्य की विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि अतिशीघ्र अपना पंजीयन एवं आवश्यक संशोधन पूर्ण कर लें, ताकि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ बिना किसी कठिनाई के प्राप्त हो सके।

Tags: