IMG-LOGO

पखांजूर में 11 कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

Posted on: 2026-07-24
IMG
पखांजूर में 11 कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

पखांजूर । कांकेर जिले के पखांजूर में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जीवित कछुओं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाजार में कछुओं की बिक्री कर रहा था, तभी वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने छापेमारी कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

वन विभाग के अनुसार, वन स्तरीय उड़नदस्ता दल ने ग्राम पीवी-124 के साप्ताहिक बाजार में कार्रवाई करते हुए पीवी-117 निवासी दीपांकर राय को जीवित कछुओं की अवैध बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 जीवित कछुए बरामद किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सभी कछुओं का कुल वजन लगभग 7 किलो 10 ग्राम है। कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक वन्यजीव संरक्षण प्रक्रिया के तहत रखा गया है।

आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई कापसी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत की गई।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों की अवैध खरीद-बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि जैव विविधता और संरक्षित वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Tags: