IMG-LOGO

एसईसीएल ने निष्क्रिय पड़ी 28 खदानों को वैज्ञानिक तरीके से बंद किया

Posted on: 2026-07-29
IMG
एसईसीएल ने निष्क्रिय पड़ी 28 खदानों को वैज्ञानिक तरीके से बंद किया


सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने पिछले दो वित्त वर्षों में भूमि क्षरण और सुरक्षा जोखिमों से निपटने के लिए बंद पड़ी हुई 28 कोयला खदानों को वैज्ञानिक तरीके से बंद किया है।

कंपनी ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि वैज्ञानिक तरीके से बंद की जाने वाली 54 परित्यक्त यानी बंद पड़ी हुई खदानों की पहचान की गई थी। एसईसीएल ने पिछले दो वित्त वर्षों में बंद पड़ी कुल 28 कोयला खदानों को वैज्ञानिक तरीके से बंद किया है। यह पहल भूमि क्षरण, सुरक्षा जोखिम और बिना उपयोग वाले बुनियादी ढांचे जैसे मुद्दों से निपटने के उद्देश्य से की गई है।

साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने कहा कि इन खदानों में से वित्त वर्ष 2024-25 में तीन और वित्त वर्ष 2025-26 में 25 खदानों को सफलतापूर्वक वैज्ञानिक तरीके से बंद किया गया है। कंपनी ने कहा कि एसईसीएल का लक्ष्य चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 11 और खदानों को बंद करना है, जबकि शेष 15 खदानों को वित्त वर्ष 2027-28 में चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा।

साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हरीश दुहान ने कहा, ‘‘खदान का बंद होना खनन गतिविधि का अंत नहीं बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने बताया कि कंपनी का उद्देश्य भूमि पुनर्स्थापन, पर्यावरण संरक्षण और पुनर्विकसित खदान क्षेत्रों को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, आजीविका सृजन तथा स्थानीय समुदायों के उपयोगी संसाधन के रूप में विकसित करना है।’’

हरीश दुहान ने कहा कि कंपनी वर्तमान में 8 खदानों के पुनः उपयोग में लाने की परियोजनाओं पर काम कर रही है, जो कोल इंडिया लिमिटेड की सभी कंपनियों में सबसे अधिक हैं। इनमें बिश्रामपुर स्थित केनपारा इको पार्क का निर्माण पुनर्विकसित खदान भूमि पर पूरा हो चुका है। इसके अलावा विवेक नगर भूमिगत खदान में इको पार्क के साथ पांच मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना विकसित की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि एसईसीएल भाटगांव और बिश्रामपुर में 20 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र चालू कर चुकी है, जबकि पिनौरा भूमिगत खदान में 40 मेगावाट की सौर परियोजना निर्माणाधीन है।

Tags: