भाजपा ने गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष पर समरसता अभियान की दी जानकारी
Posted on:
2026-07-29
भाजपा ने गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष पर समरसता अभियान की दी जानकारी
दंतेवाड़ा , 29 जुलाई। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय दंतेवाड़ा में आज बुधवार काे पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकारवार्ता में संत गुरु रविदास महाराज के जीवन, उनके समरसता, समानता एवं सामाजिक न्याय के संदेश तथा भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशव्यापी स्तर पर चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” की जानकारी साझा की गई।
भाजपा नेताओं ने समाज के सभी वर्गों से संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समरसता संकल्प अभियान एवं आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत एवं पथप्रदर्शक थे। उन्होंने अपने जीवन और विचारों से सामाजिक समरसता, समानता और भेदभाव मुक्त समाज का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समरस एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज 29 जुलाई (आषाढ़ पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत समरसता दीप महोत्सव, कलश वंदन अभियान, समरसता यात्राएं एवं विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
पत्रकारवार्ता में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी भीमा मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला महामंत्री सत्यजीत सिंह चौहान एवं मुन्ना मरकाम, जिला पंचायत सदस्य कमला विनय नाग, जिला मीडिया प्रभारी राजेश कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष दंतेवाड़ा सुनीता भास्कर, नगर पालिका अध्यक्ष दंतेवाड़ा पायल गुप्ता सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।