IMG-LOGO

एनएसए अजीत डोभाल पेईचिंग में चीन के विदेश मंत्री के साथ भारत-चीन सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता करेंगे

Posted on: 2026-08-25
IMG
एनएसए अजीत डोभाल पेईचिंग में चीन के विदेश मंत्री के साथ भारत-चीन सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता करेंगे

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आज पेईचिंग में चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ भारत-चीन सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता के 25वें दौर का आयोजन करेंगे। दोनों नेता सीमा मुद्दे के साथ-साथ अन्य द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर गहन चर्चा करेंगे। श्री डोभाल अपनी यात्रा के दौरान चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार कल दो दिन की चीन यात्रा पर पेईचिंग पहुंचे।

डोभाल-वांग की वार्ता से पहले विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने दोहराया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में “शांति और स्थिरता” चीन के साथ अच्छे संबंधों के लिए एक पूर्व शर्त है। श्री डोभाल और श्री वांग दोनों ही सीमा वार्ता तंत्र के लिए नामित विशेष प्रतिनिधि हैं, जिसकी स्थापना 2003 में भारत-चीन सीमा विवाद के व्यापक समाधान के लिए की गई थी।

चीन-भारत विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता सीमा विवाद पर दोनों देशों के बीच बातचीत का मुख्य माध्यम है। यह पारस्परिक हित के मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच भी है। पिछले वर्ष अगस्त में चीन और भारत ने वार्ता का 24वां दौर सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने सीमा के मुद्दों पर खुलकर और गहन विचार-विमर्श किया और कई सामान्य सहमतियों पर पहुंचे।

Tags: