IMG-LOGO

ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

Posted on: 2026-10-23
IMG
ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर  ग्लोबल मार्केट से शुक्रवार काे कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान भारी गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का माहौल बना रहा और प्रमुख सूचकांक कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। यहां कुछ प्रमुख बाजारों में रिकवरी और बढ़त बनी हुई है, तो कुछ सूचकांक गिरावट के साथ संघर्ष करते नजर आ रहे हैं।

अमेरिकी शेयर बाजार में गुरुवार को भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बड़े नुकसान के साथ बंद हुए। जून की शुरुआत के बाद से नैस्डैक में एक दिन की यह सबसे बड़ी गिरावट रही। कई बड़ी कंपनियों की अर्निंग रिपोर्ट आने के बाद एआई पर होने वाले खर्च की होड़ को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गईं। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज पूरे सत्र में दबाव में काम करने के बाद आखिरी वक्त में हुई खरीदारी के सपोर्ट से 11.89 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ 52,867.98 अंक के स्तर पर पहुंच गया।

वहीं एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 93.74 अंक यानी 1.21 प्रतिशत का बड़ा नुकसान दर्ज करते हुए 7,663.43 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। टेक कंपनियों से भरा नैस्डैक कंपोजिट, माइक्रोचिप शेयरों में गिरावट के चलते और भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। लगातार दबाव में काम करने के कारण यह सूचकांक 694 अंक यानी 2.60 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 26,008.86 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज सुबह फिलहाल 116.52 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 52,751.46 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान चौतरफा बिकवाली का माहौल बना रहा, जिसके कारण प्रमुख सूचकांक कमजोरी के साथ बंद हुए। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 273.29 अंक यानी 1.08 प्रतिशत लुढ़क कर 25,371.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह फ्रांस के सीएसी 40 इंडेक्स ने 110.42 अंक यानी 1.41 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 7,811.26 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा ब्रिटेन का एफटीएसई 100 इंडेक्स भी 27.85 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,725.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के प्रमुख बाजारों में से चार के सूचकांक आज मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांकों में गिरावट की वजह से लाल निशान बना हुआ है। ताइवान और थाईलैंड के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से ताइवान वेटेड इंडेक्स और सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं है। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाले गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह अमेरिकी बाजारों की भारी मंदी के बावजूद मामूली रिकवरी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 21 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 22,735.50 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार में मची हाहाकार के असर से जापान के बाजार में आज भारी बिकवाली देखी जा रही है। यहां निक्केई 225 इंडेक्स आज बड़ी गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 497.84 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की मंदी के साथ गिर कर 62,410 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके विपरीत, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 28.82 अंक यानी 0.54 प्रतिशत उछल कर 5,408.90 अंक के स्तर पर आ गया है।

वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स आज अमेरिकी मंदी को दरकिनार कर मजबूती दिखा रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 130.32 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,065 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में आज मुनाफावसूली का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। मुनाफावसूली की वजह से बने बिकवाली के दबाव के कारण फिलहाल कोस्पी इंडेक्स 37.25 अंक यानी 0.67 प्रतिशत फिसल कर 5,496.52 अंक के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज अच्छी खरीदारी के चलते सुधार देखने को मिल रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 31.22 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,419.16 अंक के स्तर पर आ गया है। दूसरी ओर, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स आज गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 43.91 अंक यानी 1.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,614.12 अंक के स्तर पर बना हुआ है।

Tags: