आईपीएल 2027 से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए नई टीम का ऐलान कर दिया है। फ्रेंचाइजी ने आगामी सीजन की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अपने सपोर्ट स्टाफ में कई नए चेहरों को शामिल किया है। इस नई व्यवस्था की कमान वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड संभालेंगे, जिन्हें टीम का नया मुख्य कोच बनाया गया है। वहीं, पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच, न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन को गेंदबाजी कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के साथ मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के लिए अपने कोचिंग ढांचे में व्यापक बदलाव किया है
इस बदलाव की शुरुआत महेला जयवर्धने के मुख्य कोच पद से हटने के बाद हुई। उनकी जगह कीरोन पोलार्ड को टीम की कमान सौंपी गई। पोलार्ड लंबे समय से मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए हैं। उनका फ्रेंचाइजी के साथ करीब 16 साल का रिश्ता रहा है। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने मुंबई के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए और टीम को कई खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। आईपीएल से संन्यास लेने के बाद वह टीम के बल्लेबाजी कोच के रूप में काम कर रहे थे। अब मुख्य कोच की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने टीम को फिर से खिताबी दौड़ में मजबूत स्थिति में पहुंचाने की चुनौती होगी
नई कोचिंग टीम में रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच बनाया गया है। उथप्पा भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। वह 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 में उन्होंने मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व भी किया था। इसके बाद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों के लिए भी खेला। बल्लेबाजी कोच के रूप में उनकी जिम्मेदारी खिलाड़ियों की तकनीक सुधारने, आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति तैयार करने और दबाव की परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने में मदद करने की होगी।
वहीं, न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन को गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मैक्लेनाघन 2015 से 2020 के बीच मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं। इस दौरान वह 2015, 2017, 2019 और 2020 में टीम की खिताबी जीत का हिस्सा रहे। अब वह कोच के रूप में टीम के गेंदबाजों को तैयार करेंगे। उनका अनुभव खासतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। डेथ ओवरों में गेंदबाजी, यॉर्कर और अलग-अलग परिस्थितियों में गेंदबाजी की रणनीति तैयार करना उनकी जिम्मेदारियों में शामिल रहेगादरअसल, मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही और प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने नए सीजन से पहले अपने कोचिंग ढांचे को बदलने का फैसला किया है। मुंबई इंडियंस अब नए मुख्य कोच कीरोन पोलार्ड के नेतृत्व में नए खिलाड़ियों और अनुभवी कोचों के तालमेल के साथ मैदान पर उतरने की तैयारी कर रही है।
मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2020 में आईपीएल का खिताब जीता था। अब टीम की कोशिश 2027 में एक बार फिर चैंपियन बनने की होगी। देखना दिलचस्प होगा कि पोलार्ड की नई कोचिंग टीम खिलाड़ियों के प्रदर्शन में कितना सुधार ला पाती है और क्या मुंबई इंडियंस अपने पुराने विजयी अंदाज में वापसी कर पाती है।