IMG-LOGO

हायलो ओपन जीत लक्ष्य सेन ने भारत के लिए रचा इतिहास

Posted on: 2026-11-02
IMG
हायलो ओपन जीत लक्ष्य सेन ने भारत के लिए रचा इतिहास

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जर्मनी में आयोजित हायलो ओपन 2026 का पुरुष एकल खिताब जीतकर देश का नाम रोशन कर दिया है। लक्ष्य ने फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के दिग्गज खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी को सीधे गेमों में 21-17, 21-10 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ उन्होंने करीब एक साल से चले आ रहे अपने खिताबी सूखे को भी खत्म कर दिया। लक्ष्य के लिए यह सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्हें इस सीजन में कई बार शुरुआती दौर में हार का सामना करना पड़ा था। चोट और खराब फॉर्म के कारण उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावित हुआ, लेकिन हायलो ओपन में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दिखा दिया कि उनमें बड़े मुकाबले जीतने की पूरी क्षमता है।

फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन के सामने इंडोनेशिया के चौथी वरीयता प्राप्त जोनाथन क्रिस्टी की चुनौती थी। क्रिस्टी दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं और टूर्नामेंट में गत चैंपियन के रूप में उतरे थे। ऐसे में मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा था। पहले गेम की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। लक्ष्य ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरुआत में 8-4 की बढ़त बना ली, लेकिन क्रिस्टी ने वापसी करते हुए स्कोर अपने पक्ष में करने की कोशिश की। भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखा और शानदार स्मैश तथा सटीक शॉट्स के दम पर पहला गेम 21-17 से जीत लिया। दूसरे गेम में लक्ष्य पूरी तरह हावी नजर आए। उन्होंने क्रिस्टी को संभलने का मौका नहीं दिया और लगातार अंक जुटाते हुए 21-10 से गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया

लक्ष्य सेन के लिए यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही। उन्होंने दूसरी बार हायलो ओपन का खिताब जीता है। इससे पहले वह 2021 में भी इस टूर्नामेंट के विजेता बने थे, जब इसका नाम सारलॉरलक्स ओपन था। इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट में दो बार पुरुष एकल खिताब जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। यह उनके करियर का सातवां बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब भी है। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2025 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था। करीब एक साल बाद दोबारा ट्रॉफी हासिल करना उनके आत्मविश्वास के लिए बेहद अहम माना जा रहा है

इस टूर्नामेंट में लक्ष्य का सफर आसान नहीं रहा। फाइनल तक पहुंचने के लिए उन्हें कई कठिन मुकाबलों से गुजरना पड़ा। शुरुआती दौर में फिनलैंड के जोआकिम ओल्डॉर्फ के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी किरण जॉर्ज के खिलाफ भी उन्हें कड़ी चुनौती मिली। क्वार्टर फाइनल में फिनलैंड के काले कोलजोनेन के खिलाफ लक्ष्य को तीन गेम तक संघर्ष करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने दबाव में अपना संयम बनाए रखा और मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अंतिम चार में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव को हराने के बाद उन्होंने फाइनल में क्रिस्टी को मात देकर खिताब पर कब्जा कर लिया। लगातार मुश्किल मुकाबले जीतना लक्ष्य की मानसिक मजबूती को दर्शाता है।

Tags: