निवेश पर चर्चा के लिए 24 सितंबर को सीएम शुभेंदु अधिकारी से मिलेंगे गौतम अडानी
Posted on:
2026-09-23
कोलकाता, 23 सितंबर । पश्चिम बंगाल में नए निवेश को आकर्षित करने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी के बीच 24 सितंबर को राज्य सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक होने की प्रबल संभावना है।
अधिकारी के अनुसार, गौतम अडानी बुधवार रात कोलकाता पहुंचेंगे। वह 24 सितंबर की सुबह 9 बजे न्यू टाउन में प्रस्तावित दो हजार बिस्तरों वाले अस्पताल \'अडानी आरोग्य मंदिर\' के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सचिवालय में होने वाली संभावित बैठक के दौरान दोनों के बीच मुख्य रूप से राज्य में निवेश और बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के साथ बैठक से पहले गौतम अडानी राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे, जहां विभिन्न निवेश प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है। अपनी इस महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत गौतम अडानी ऐतिहासिक कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ करेंगे।
वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी बताया कि राज्य सरकार कई बड़े औद्योगिक समूहों के साथ राज्य में निवेश को लेकर लगातार बातचीत कर रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश के अलावा अडानी समूह द्वारा राज्य में ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के जीर्णोद्धार और कुमारटुली घाट के पुनर्विकास से जुड़ी परियोजनाओं में भी शामिल होने की संभावना जताई गई है।
राज्य में नई सरकार के सत्ता में आने के बाद से रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में पेश किया जा रहा है। कुछ ही दिन पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि उनकी सरकार औद्योगिक विकास के अनुकूल माहौल बनाने के लिए काम कर रही है और बड़े निवेशकों से लगातार संपर्क साध रही है।
मंगलवार को ही मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के \'बातें कम और काम ज्यादा\' के नए मंत्र का हवाला देते हुए राज्य में बड़े निवेश और उद्योगपतियों को लाने का वादा किया था। इसी कड़ी में राज्य में निवेश आकर्षित करने के अपने प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी से भी मुलाकात की थी।