IMG-LOGO

सऊदी अरब पर हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा

Posted on: 2026-10-23
IMG
सऊदी अरब पर हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा

भारत ने सऊदी अरब में हाल में हुए हमलों की बृहस्पतिवार को कड़ी निंदा की है। इन हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमले “पूरी तरह अस्वीकार्य” हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए।  

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई और दो अन्य घायल हो गए। वहीं, पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शैबा (शायबाह) तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हुआ।  

दूतावास सहायता के लिए संपर्क में 

मंत्रालय ने बयान में कहा, “हम सऊदी अरब में आम नागरिकों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें 21 अक्टूबर को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं।”  

उन्होंने बताया कि इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अरब के अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा।  

सऊदी अरब की संप्रभुता के साथ एकजुटता, शांति बहाली की उम्मीद

विदेश मंत्रालय ने दोहराया, “आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें तत्काल रोका जाना चाहिए।”  भारत ने कहा कि वह सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता से खड़ा है। मंत्रालय ने आशा व्यक्त की कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी। 

Tags: