राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ग्रीष्मकालीन प्रवास के लिए राष्ट्रपति निवास, मशोबरा, शिमला पहुंचीं
Posted on:
2026-04-27
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ग्रीष्मकालीन प्रवास के लिए राष्ट्रपति निवास, मशोबरा, शिमला पहुंचीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचीं। राज्यपाल कविंदर गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और सांसद सुरेश कुमार कश्यप सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।
कल वह शिमला के लोक भवन में राज्यपाल द्वारा आयोजित भोज में शामिल होंगी। 29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल सुरंग का दौरा करेंगी। इस दौरान वह सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों से बातचीत करेंगी और ऐतिहासिक सुरंग के बारे में जानकारी जुटाएंगी। 30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
उसी दिन वह शिमला के एआरट्रैक में एक कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। इस बीच, राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शिमला में एक हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पालमपुर, मनाली, अटल सुरंग और अन्य स्थानों पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।