रायपुर, 27 अप्रैल। रायपुर पुलिस ने 50 लाख रुपये के गबन के मामले पर सोमवार को बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में मुख्य आरोपित ड्राइवर समेत कुल 7 आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के कब्जे से 49 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक एमजी विंडसर कार और घटना में इस्तेमाल की गई कार जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 66 लाख 50 हजार रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, मामला थाना खम्हारडीह क्षेत्र का है, जहां 25 अप्रैल को कंपनी के ड्राइवर कृष्णा साहू ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। वह कंपनी के एकाउंटेंट भूपेन्द्र देवांगन के साथ कार में करीब 50 लाख रुपये लेकर जा रहा था। रास्ते में उसने गुटखा लेने के बहाने एकाउंटेंट को कार से उतारा और फिर नकदी से भरी कार लेकर फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपित कृष्णा साहू के विरूद्ध थाना खम्हारडीह रायपुर में अपराध क्रमांक 136/26 धारा 316(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
जांच में सामने आया है कि, आरोपित कृष्णा साहू ने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर पहले से पूरी योजना बनाई थी। वारदात के बाद उसने रकम अपने करीबियों में बांट दी और फरार हो गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट के साथ संयुक्त टीम बनाई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपित की लोकेशन ट्रैक की गई। लगातार दबिश के बाद मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर अन्य 6 आरोपितों को भी पकड़ लिया गया। प्रकरण में आरोपितों के विरूद्ध धारा 306, 3(5) बीएनएस जोड़ी जाकर कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में 1 महिला और 6 पुरुष शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना खम्हारडीह में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपित - 1. कृष्णा साहू निवासी ग्राम चुचरूंगपुर धमतरी। हाल पता - बीएसयूपी कालोनी टिकरापारा रायपुर।
2. कन्हैया राणा निवासी ग्राम परसदा महासमुंद। हाल पता - सेजबहार रायपुर।
3. सविता साहू निवासी गोगांव सीतानगर रायपुर।
4. भुनेश्वर साहू निवासी कमरौद धमतरी। हाल पता-रावाभांठा रायपुर।
5. ओम प्रकाश साहू निवासी- रावाभांठा रायपुर।
6. विष्णु प्रसाद पटेल निवासी ग्राम हल्दी दुर्ग।
7. टीकम पटेल निवासी ग्राम हरदी दुर्ग।