IMG-LOGO

नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी सीरीज का ट्रेलर देख बंटे दर्शक

Posted on: 2026-11-25
IMG
नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी सीरीज का ट्रेलर देख बंटे दर्शक

नेटफ्लिक्स (Netflix) की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज \'जो बचे हैं संग समेट लो\' अपनी घोषणा के बाद से ही लगातार चर्चा में है। मंगलवार को मेकर्स ने इस मल्टी-स्टारर सीरीज का ट्रेलर जारी किया, जिसमें अलग-अलग दौर की कहानी और फवाद खान का डबल रोल देखने को मिला। हालांकि, एक तरफ जहां सोशल मीडिया पर फवाद खान, सनम सईद और माहिरा खान जैसे कलाकारों की झलक देख दर्शक उत्साहित हैं, वहीं दूसरी ओर \'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन\' (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत में इस सीरीज पर बैन लगाने की मांग की है।

एक यूजर ने फवाद खान और सनम सईद की जोड़ी की तारीफ करते हुए लिखा कि सभी कलाकार शानदार लग रहे हैं, लेकिन सनम और फवाद की केमिस्ट्री कमाल की है और वह इस शो को लेकर काफी उत्साहित हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने सीरीज में कुछ सांस्कृतिक त्रुटियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि अभी कुछ भी तय करना जल्दबाजी होगी, हालांकि वो सिर्फ इसी सीरीज को देखने के लिए फिर से नेटफ्लिक्स मेना (NetflixMENA) का सब्सक्रिप्शन लेंगे। इसके अलावा, एक यूजर का मानना था कि पाकिस्तान का शो \'मिट्टी दे बवाये\' नेटफ्लिक्स पर आने का ज्यादा हकदार था।

इस सीरीज में पाकिस्तानी मनोरंजन जगत के कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, माया अली, बिलाल अशरफ और खुशहाल खान प्रमुख हैं।

\'जो बचे हैं संग समेट लो\' 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। फिलहाल, भारत में नेटफ्लिक्स प्लेटफॉर्म पर इसे \'ऑल द लव आवर हार्ट्स कैरी\' (All The Love Our Hearts Carry) अंग्रेजी शीर्षक के साथ लिस्ट किया गया है। अब यह देखना बाकी है कि सिनेमा संगठन की अपील के बाद इस सीरीज की भारत में स्ट्रीमिंग हो पाती है या नहीं।

Tags: