IMG-LOGO

बस्तर ओलंपिक 2026 का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को सांसद भोजराज नाग ने किया पुरस्कृत

Posted on: 2026-11-25
IMG
बस्तर ओलंपिक 2026 का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को सांसद भोजराज नाग ने किया पुरस्कृत

उत्तर बस्तर कांकेर   जिला मुख्यालय कांकेर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का आज विधिवत समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद  भोजराज नाग ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद  भोजराज नाग ने कहा कि आज बस्तर में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद के उन्मूलन के प्रयासों तथा अर्धसैनिक बलों, पुलिस जवानों और बस्तर फाइटर्स के युवाओं के योगदान से बस्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। पूर्व में नक्सलवाद के कारण विकास कार्य प्रभावित होते थे और लोग गांवों में जाने से डरते थे, लेकिन अब बस्तर विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं के हुनर को निखारने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने के लिए बस्तर ओलंपिक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने हुनर के माध्यम से आगे बढ़ने का प्रयास करें, शासन-प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। खेल से अनुशासन की सीख मिलती है, इसलिए जीवन में अनुशासन बनाए रखकर सफलता हासिल करें।

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए  महेश जैन ने कहा कि खेल से व्यक्तित्व का विकास एवं निखार होता है। खेल में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि हार भी हमें जीतने की सीख देती है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों को निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Tags: