आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप: सुपर 8 ग्रुप 2 के मैच में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराया
Posted on:
2026-02-28
आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के सुपर 8 ग्रुप 2 के एक मैच में इंग्लैंड ने कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। न्यूजीलैंड द्वारा निर्धारित 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से टॉम बैंटन ने 33 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ स्कोर किया, जबकि विल जैक्स 32 रनों के साथ नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रविंद्र ने 3 विकेट लिए।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 159 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंदों पर 39 रन और टिम सीफर्ट ने 35 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से आदिल राशिद, विल जैक्स और रेहान अहमद ने 2-2 विकेट लिए। विल जैक्स को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आज सुपर 8 के ग्रुप 2 के एक मैच में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से पल्लेकेले स्थित पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। मैच स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। गुरुवार को चेन्नई में खेले गए सुपर 8 के एक महत्वपूर्ण मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराया था।
भारत का अगला मुकाबला सुपर आठ के आखिरी मैच में वेस्ट इंडीज से कल कोलकाता के प्रतिष्ठित ईडन गार्डन्स में होगा। इस मैच का नतीजा टूर्नामेंट में भारत के भविष्य का फैसला करेगा। टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 8 मार्च को होगा।