नई दिल्ली, 16 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर के बीच गुरुवार को यहां हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की महत्वपूर्ण वार्ता हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की गई। दोनों देशों के बीच खाद्य सुरक्षा सहित कई समझौते हुए।
बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहे। वार्ता में व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
इससे पहले चांसलर स्टॉकर ने नई दिल्ली स्थित राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वहां पुष्पांजलि अर्पित करते हुए गांधीजी के शांति, अहिंसा और वैश्विक सद्भाव के संदेश को याद किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ऑस्ट्रिया के चांसलर ने बापू और उनके आदर्शों को याद करते हुए राजघाट पर श्रद्धांजलि दी और उनके सार्वकालिक संदेश पर चिंतन किया।