व्यापार समझौते की वार्ता के बीच अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात की।
Posted on:
2026-04-16
अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने वाशिंगटन में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर और पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ\'ब्रायन से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के बारीक पहलुओं पर बातचीत कर रहे हैं। समझौते पर चर्चा के लिए भारतीय अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल अमेरिका जाने वाला है। श्री क्वात्रा ने X पर एक पोस्ट में कहा कि इंडिया हाउस में राजदूत जैमीसन ग्रीर और रॉबर्ट ओ\'ब्रायन की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है।
फरवरी में, भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए एक रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की। उस रूपरेखा के अनुसार, अमेरिका भारत पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हुआ था। श्री क्वात्रा ने कहा कि द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न अवसरों और विश्व भर में महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर उनकी सार्थक बातचीत हुई। पिछले सप्ताह विदेश सचिव विक्रम मिसरी की वाशिंगटन यात्रा के दौरान हुई चर्चा में द्विपक्षीय व्यापार भी शामिल था।
20 फरवरी को अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला सुनाया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम के तहत लागू की गई टैरिफ नीतियां असंवैधानिक थीं। भारत और अमेरिका ने शुरू में मार्च में व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने की योजना बनाई थी, लेकिन अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद टैरिफ परिदृश्य में हुए बदलावों ने स्थिति को बदल दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने पहले कहा था कि अमेरिका की नई वैश्विक टैरिफ संरचना लागू होने के बाद ही समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।