उत्तर बस्तर कांकेर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम आमाबेड़ा में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 1,043 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। इस अवसर पर सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर में 143 किसानों को खसरा एवं बी-1, 42 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र, 47 को निवास प्रमाण पत्र तथा 46 हितग्राहियों को आय प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अधिकार अभिलेख स्वामित्व योजना के तहत 103 हितग्राहियों को लाभ मिला। वहीं 36 हितग्राहियों को ईपीक कार्ड तथा 5 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पेंशन योजना के तहत 20 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें 10 हितग्राहियों को छड़ी एवं 5 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। लखपति दीदी योजना के तहत 20 महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत 22 कार्यों के कार्यादेश प्रदान किए गए, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 07 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई।
इसी प्रकार सहकारिता विभाग द्वारा 12 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को रागी बीज, पशुधन विभाग द्वारा 07 हितग्राहियों को उन्नत बैकयार्ड कुक्कुट, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 500 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को फलदार पौधे, मत्स्य विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स, श्रम विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये के चेक तथा शिक्षा विभाग द्वारा 03 दिव्यांग हितग्राहियों को व्हीलचेयर प्रदान की गई। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिला।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति - सांसद नाग
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि आमाबेड़ा क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित रहा है, जिसके कारण यहां विकास कार्य प्रभावित हुए। अब नक्सलवाद के समाप्त होने के साथ क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आई है और शांति एवं विकास का वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से विभिन्न विभाग ग्रामीणों के बीच पहुंचकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दे रहे हैं। विभागीय अधिकारी शिविर में काउंटर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, वय वंदन कार्ड, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने, किसानों को जैविक खेती अपनाने तथा गोबर आधारित खाद एवं जैविक कीटनाशकों का उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीणों से मुर्गीपालन, मछलीपालन एवं सुकरपालन जैसी गतिविधियों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।