IMG-LOGO

चीन के AI मॉडल को वैश्विक स्तर पर इस्तेमाल की मंजूरी मिलने का दावा

Posted on: 2026-10-23
IMG
चीन के AI मॉडल को वैश्विक स्तर पर इस्तेमाल की मंजूरी मिलने का दावा

चीन की प्रमुख कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) कंपनियों DeepSeek और MiniMax को अपने एआई मॉडल के वैश्विक इस्तेमाल के लिए सरकारी मंजूरी मिल गई है। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी से जुड़े एक सोशल मीडिया अकाउंट पर गुरुवार को यह जानकारी दी गई।

शुक्रवार को एक अन्य पोस्ट में इसी अकाउंट ने कहा कि विदेशों में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने चीन के अन्य ओपन-सोर्स बड़े भाषा मॉडल (LLM) विकसित करने वालों से भी इसी दिशा में कदम उठाने की अपील की है। हालांकि, DeepSeek और MiniMax ने इस मामले पर टिप्पणी के अनुरोधों का तत्काल जवाब नहीं दिया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब चीन कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी अहम तकनीकों के निर्यात पर नियंत्रण बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रहा है। चीन ने 16 अक्टूबर को एआई से जुड़ी 23 तकनीकों को निर्यात नियंत्रण सूची में शामिल करने का प्रस्ताव दिया था। इनमें एआई मॉडल, एआई एजेंट और कंप्यूटिंग क्लस्टर से संबंधित तकनीकें शामिल हैं।

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने उस समय कहा था कि अधिकांश एआई तकनीकों का निर्यात जारी रह सकेगा। ओपन-सोर्स तकनीकों के निर्यात और विदेशों में अपने कंप्यूटिंग केंद्र संचालित करने वाली चीनी कंपनियों के लिए लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने की भी बात कही गई थी।

प्रस्तावित निर्यात नियंत्रण उन एआई मॉडलों की विदेशों में तैनाती पर भी लागू हो सकते हैं, जिनमें प्रतिबंधित तकनीकें शामिल हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब चीन और अमेरिका के बीच भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। बीजिंग का उद्देश्य उन तकनीकों के हस्तांतरण को सीमित करना है, जिन्हें वह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानता है।

हालांकि, DeepSeek और MiniMax को वैश्विक इस्तेमाल की मंजूरी मिलने के दावे के बावजूद, उपलब्ध जानकारी में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मंजूरी किन विशिष्ट मॉडलों पर लागू होती है या इसके तहत कौन-सी शर्तें तय की गई हैं।

Tags: